April 19, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

अंबिकापुर से दिल्ली के लिए हवाई कनेक्टिविटी फिर बहाल, मार्च अंत से एलायंस एयर की उड़ानें शुरू

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से देश की राजधानी दिल्ली के लिए हवाई सेवा एक बार फिर शुरू होने जा रही है। यह सेवा मार्च के अंतिम सप्ताह से प्रारंभ होगी, जिससे सरगुजा संभाग के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। एलायंस एयर द्वारा संचालित यह उड़ान मां महामाया एयरपोर्ट, अंबिकापुर से सप्ताह में दो दिन—सोमवार और बुधवार—को संचालित की जाएगी। यह फ्लाइट बिलासपुर होते हुए दिल्ली पहुंचेगी, जिससे दोनों शहरों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

बताया जा रहा है कि इस मार्ग पर 72 सीटर एटीआर विमान का संचालन किया जाएगा। किराया 4500 से 6000 रुपये के बीच रहने का अनुमान है, जो क्षेत्रीय हवाई यात्राओं के लिहाज से संतुलित माना जा रहा है। वर्तमान में एलायंस एयर बिलासपुर से दिल्ली के बीच सप्ताह में तीन दिन सेवा दे रही है, और अब अंबिकापुर को जोड़कर कनेक्टिविटी का दायरा बढ़ाया जा रहा है।

गौरतलब है कि अंबिकापुर एयरपोर्ट से दिसंबर 2024 में उड़ान सेवा की शुरुआत ‘उड़ान योजना’ के तहत की गई थी। उस समय फ्लाई बिग कंपनी ने रायपुर और बिलासपुर के लिए 19 सीटर विमान सेवा शुरू की थी। हालांकि शुरुआती दिनों में अनियमित संचालन के कारण यह सेवा केवल छह महीने ही चल सकी और बाद में बंद हो गई। पिछले छह महीनों से अधिक समय से यहां से हवाई संचालन पूरी तरह ठप था।

नई सेवा के शुरू होने से व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा और पर्यटन से जुड़े लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने इस पहल का स्वागत किया है। माना जा रहा है कि यदि यात्रियों की संख्या संतोषजनक रही तो भविष्य में उड़ानों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है। यह कदम न केवल अंबिकापुर बल्कि पूरे सरगुजा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Related posts

श्री जैतू साव मठ और दूधाधारी मठ में श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया बसंत पंचमी महोत्सव

admin

दुर्ग में BJP नेता के खेत में अफीम की खेती का खुलासा, मौके पर पहुंचे भूपेश बघेल; हंगामे के बीच पार्टी ने नेता को किया निष्कासित

admin

गोंडवाना एक्सप्रेस में यात्रियों को राहत: अतिरिक्त AC-3 कोच जोड़ने का फैसला, कन्फर्म बर्थ की संख्या बढ़ेगी

admin

Leave a Comment