September 5, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

10 गुना मुनाफे का झांसा: महिला तांत्रिक ने व्यापारियों से की 5.20 लाख की ठगी, तंत्र-मंत्र का नाटक रचकर फरार

जल्दी अमीर बनने की चाह कई बार भारी पड़ जाती है, और बालोद जिले से ऐसा ही एक मामला सामने आया है। यहां तीन व्यापारियों को एक कथित महिला तांत्रिक ने 10 गुना पैसा लौटाने का लालच देकर 5 लाख 20 हजार रुपए की ठगी कर ली। तंत्र-मंत्र के बहाने झांसा देकर महिला पैसे लेकर फरार हो गई। घटना ने पूरे व्यापारिक समुदाय को हैरान कर दिया है, वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

फोन कॉल से शुरू हुआ खेल, लालच में फंसे व्यापारी

घटना की शुरुआत एक अज्ञात नंबर से आए फोन कॉल से हुई। कॉल करने वाली महिला ने खुद को तांत्रिक बताते हुए दावा किया कि वह तंत्र-क्रिया के ज़रिए किसी भी रकम को 10 गुना तक बढ़ा सकती है। लालच में आकर बालोद के तीन व्यापारी उसके झांसे में आ गए। उन्होंने महिला को राजनांदगांव से बुलाकर अपनी कार में बालोद के गंजपारा तक लेकर आए।

मटके में भरे पैसे, तंत्र-क्रिया का नाटक

व्यापारियों के अनुसार, महिला तांत्रिक ने उनसे दो मिट्टी के मटके, नींबू और अन्य तंत्र-मंत्र सामग्री मंगवाई। उसने व्यापारियों से 5.20 लाख रुपए एक खाली मटके में रखवाए और कहा कि रात को शांत स्थान पर तंत्र-क्रिया होगी, जिससे सुबह तक रकम 10 गुना बढ़ जाएगी।

महिला उनके साथ कार में बैठकर कचहरी चौक तक आई और अचानक बोली कि पूजा सामग्री और नींबू वहीं भूल आई है। उसने व्यापारियों को वापस भेजा और खुद मौके से फरार हो गई। जब व्यापारी लौटे तो महिला वहां से गायब थी।

ठगी का अहसास होते ही दर्ज कराई FIR

जब व्यापारियों को ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने तुरंत सिटी कोतवाली पहुंचकर मामला दर्ज कराया। पुलिस ने अज्ञात महिला तांत्रिक के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दुर्ग में पकड़े गए गिरोह से जुड़ सकते हैं तार

बालोद पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि दुर्ग में हाल ही में ऐसी ही वारदात करने वाले तीन आरोपियों, जिनमें एक महिला तांत्रिक भी शामिल थी, को गिरफ्तार किया गया था। दोनों मामलों की कार्यशैली एक जैसी पाई गई —

फोन कॉल के जरिए संपर्क

10 गुना रकम लौटाने का लालच

तंत्र-मंत्र की आड़

रकम लेकर फरार होना

इन्हीं समानताओं के आधार पर पुलिस को शक है कि बालोद की घटना में भी वही गिरोह शामिल हो सकता है। अब पुलिस दोनों मामलों के तार जोड़ने में जुटी है।

पुलिस की अपील: तंत्र-मंत्र के झांसे में न आएं

मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तांत्रिक या जादू-टोना करने वाले व्यक्ति के “धन बढ़ाने” के झांसे में न आएं। पुलिस का कहना है कि ऐसे गिरोह अक्सर व्यापारियों और बिजनेस समुदाय को निशाना बनाते हैं।

Related posts

श्रद्धा और उल्लास के साथ मठ परिसर में संपन्न हुआ गोवर्धन पूजा महोत्सव

admin

मुख्यमंत्री ने किया सतत विकास लक्ष्य रिपोर्ट का विमोचन, जिलों की रैंकिंग और स्कोर के आधार पर तय हुई प्रगति

admin

रायपुर में कारोबारी के घर से लाखों की चोरी, अचानक गायब हुआ रसोइया शक के घेरे में

admin

Leave a Comment