पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के फैसलाबाद जिले में आज सुबह एक केमिकल फैक्ट्री में जोरदार बॉयलर विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि फैक्ट्री के साथ आस-पड़ोस की इमारतें भी ढह गईं। हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
फैसलाबाद के डिप्टी कमिश्नर राजा जहांगीर अनवर के अनुसार, मलिकपुर इलाके स्थित फैक्ट्री में बॉयलर फटने के बाद भारी मात्रा में मलबा फैला और कई लोग उसके नीचे दब गए। प्रशासन की कई रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचकर लगातार मलबा हटाने में जुटी हुई हैं।
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, रेस्क्यू टीमों ने अब तक 15 शव बरामद कर लिए हैं और सात घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि अभी भी कई लोग मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं।
पंजाब के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस डॉ. उस्मान अनवर ने संबंधित सभी एजेंसियों—रेस्क्यू 1122, फायर ब्रिगेड और जिला प्रशासन—को पूर्ण समन्वय के साथ राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज़ ने हादसे में हुई मौतों पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने फैसलाबाद कमिश्नर से घटना की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
