भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का रोमांच अपने चरम पर है। दोनों टीमें इस समय 1-1 की बराबरी पर हैं और सीरीज का तीसरा तथा अंतिम मुकाबला आज विशाखापट्टनम के डॉ. वाईएस राजशेखर रेड्डी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। जीतने वाली टीम सीरीज पर कब्जा कर लेगी। यह मुकाबला दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस दोपहर 1:00 बजे होगा।
कोहली पर सबकी निगाहें—क्या लगेगी दूसरी बार शतकों की हैट्रिक?
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली जबरदस्त फॉर्म में हैं। उन्होंने पिछले दो मैचों—रांची और रायपुर—में लगातार शतक लगाए हैं और कुल 237 रन बनाए हैं। अगर वे आज विशाखापट्टनम में भी शतक जड़ते हैं, तो वे वनडे क्रिकेट में दूसरी बार तीन लगातार शतक लगाने का अनोखा रिकॉर्ड दोहरा देंगे। इससे पहले वह यह उपलब्धि 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ हासिल कर चुके हैं।
अभी तक केवल बाबर आजम ही दो बार वनडे में हैट्रिक शतक लगा पाए हैं।
विशाखापट्टनम में कोहली का रिकॉर्ड बेहद शानदार है। उन्होंने यहां खेले 7 मैचों में 3 शतक और 3 अर्धशतक की मदद से 585 रन बनाए हैं और उनका औसत यहाँ लगभग 97.83 रहा है। यही वजह है कि इस मैदान पर कोहली की सेंचुरी की उम्मीदें और भी बढ़ जाती हैं।
भारत की ताकत – कोहली और कुलदीप छाए हुए
भारतीय बल्लेबाजों में अब तक सबसे अधिक रन विराट कोहली ने बनाए हैं। वहीं गेंदबाजी में कुलदीप यादव ने दो मैचों में 5 विकेट लेकर भारतीय आक्रमण की रीढ़ साबित की है। कप्तान केएल राहुल भी बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं और अब तक 126 रन बना चुके हैं।
दक्षिण अफ्रीका के टॉप परफॉर्मर्स
साउथ अफ्रीका की ओर से मैथ्यू ब्रीट्जकी सबसे ज्यादा रन बना रहे हैं। उन्होंने शुरुआती दो मैचों में अर्धशतक लगाए हैं। दूसरी तरफ लेफ्ट-आर्म पेसर मार्को यानसन अब तक टीम के लिए सबसे अधिक 4 विकेट हासिल कर चुके हैं।
विशाखापट्टनम की पिच रिपोर्ट – चेज़ करना ज्यादा फायदेमंद
विशाखापट्टनम की पिच पारंपरिक रूप से बल्लेबाजी के अनुकूल मानी जाती है, लेकिन हाल के वर्षों में इसमें बदलाव देखा गया है।
2023 में भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच हुए वनडे में बल्लेबाजों को रन बनाने में काफी मुश्किलें आई थीं और भारतीय टीम सिर्फ 117 पर ऑलआउट हो गई थी।2019 में भारत ने इसी मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ 350 से अधिक का स्कोर बनाया था।
इस पिच पर शुरुआत में तेज गेंदबाजों को सीम मूवमेंट मिलती है और बाद में स्पिनरों को टर्न मिलता है। दूसरी पारी में बल्लेबाजी थोड़ी आसान हो जाती है, इसी कारण यहां चेज़ करना फायदेमंद माना जाता है।
अब तक यहां 10 वनडे खेले गए हैं, जिसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 3 मैच जबकि चेज़ करने वाली टीम ने 6 मैच जीते हैं। एक मैच टाई रहा है
मौसम बिल्कुल साफ रहेगा
शनिवार को विशाखापट्टनम का मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। दोपहर में तेज धूप और तापमान 19°C से 28°C के बीच रहने का अनुमान है। हवा की रफ्तार करीब 13 किमी/घंटा रहेगी।
संभावित प्लेइंग-11
भारत:
केएल राहुल (कप्तान, विकेटकीपर), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, वॉशिंगटन सुंदर, रविंद्र जडेजा, हार्दित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा
दक्षिण अफ्रीका:
टेम्बा बावुमा (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, एडन मार्करम, मैथ्यू ब्रीट्जकी, टोनी डी जॉर्ज, डेवाल्ड ब्रेविस, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, नांद्रे बर्गर, लुंगी एनगिडी
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच अब तक 60 वनडे खेले गए हैं।
भारत जीता: 28
दक्षिण अफ्रीका जीता: 31
बेनतीजा: 1
सीरीज के लिहाज से भारत का पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीच 15 वनडे सीरीज खेली गई हैं, जिनमें
भारत ने 8 दक्षिण अफ्रीका ने 6 सीरीज जीती हैं1 सीरीज ड्रॉ रही है। 2023 में दोनों टीमों की पिछली सीरीज भारत ने 2-1 से जीती थी।
