कोरबा जिले में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत डाकघर के पास स्थित एक पूर्व नगर पालिक निगम अधिकारी के सूने घर में अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया। घटना के समय परिवार इलाज के सिलसिले में बाहर गया हुआ था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह घटना आर्य नगर, कोसाबाड़ी स्थित निवास क्रमांक 846 में हुई, जहां नगर पालिक निगम के पूर्व अधिकारी डॉ. शिरीन लाखे (69 वर्ष) रहते हैं। मंगलवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने घर के पीछे के दरवाजे से प्रवेश किया। CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि चोर लगभग 15 मिनट के भीतर चोरी की घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
चोरों ने घर के अलमारी और कमरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ किया। चोरी गए सामान में पुराना सोने का मंगलसूत्र, दो सोने के हार, दो सोने के कड़े, तीन सोने के टॉप्स, करीब 100 ग्राम चांदी और लगभग 50 हजार रुपये नकद शामिल हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी गई है।
डॉ. शिरीन लाखे ने पुलिस को बताया कि वे अपने परिवार के साथ बिलासपुर स्थित अपोलो अस्पताल में इलाज के लिए गए हुए थे। जब वे वापस लौटे तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो ड्राइंग रूम और बेडरूम के ताले भी टूटे हुए थे और अलमारियों से कीमती सामान गायब था। इसके बाद तत्काल सिविल लाइन थाना रामपुर में शिकायत दर्ज कराई गई।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(a) और 331(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है। आसपास के इलाकों के कैमरों की भी जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर सूना छोड़ते समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।
