छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के समीप ग्राम दुधली में प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महामहिम रमेन डेका ने युवाओं से समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह जंबूरी केवल एक शिविर नहीं, बल्कि एकता, विविधता, भाईचारे और साझा उद्देश्यों का उत्सव है।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि स्काउट-गाइड और रोवर-रेंजर आंदोलन युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में कम से कम एक सकारात्मक कार्य समाज के लिए अवश्य करें और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सहभागी बनें।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि स्काउट-गाइड युवाओं को जीवन मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों की सीख देता है। उन्होंने रोवर-रेंजरों को देश की वह युवा शक्ति बताया, जो समाज, राष्ट्र और विश्व के लिए सकारात्मक परिवर्तन का संकल्प रखती है।
इस ऐतिहासिक अवसर पर भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन, मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. केके खंडेलवाल तथा मुख्य राज्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा सहित राष्ट्रीय और राज्य स्तर के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अतिथियों ने इस आयोजन को छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
शुभारंभ अवसर पर राज्यपाल और अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। साथ ही जंबूरी पत्रिका और नए बैज का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में आकाश में गुब्बारे छोड़कर शांति, एकता और सद्भाव का संदेश दिया गया।
देश के विभिन्न राज्यों से आए रोवर-रेंजरों ने भव्य मार्चपास्ट कर राज्यपाल और अतिथियों को सलामी दी। इसके बाद विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भारतीय संस्कृति की विविधता और समृद्ध विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
यह पांच दिवसीय राष्ट्रीय जंबूरी देश के 33 राज्यों और संगठनों के रोवर-रेंजरों की सहभागिता के साथ आयोजित की जा रही है, जिसमें रेलवे और नवोदय विद्यालय सहित विभिन्न संस्थानों के प्रतिभागी शामिल हैं। आयोजन में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के अधिकारी, रोवर-रेंजर, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी को छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए गौरवपूर्ण अवसर माना जा रहा है, जो सेवा, अनुशासन और नेतृत्व के मूल्यों को राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त रूप से स्थापित करता है।
