September 5, 2026
The Defence
अन्य

EV सेगमेंट में सुजुकी की एंट्री: e-Access इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च, 95 किमी रेंज और 71 किमी/घंटा टॉप स्पीड

जापानी दोपहिया निर्माता सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया ने भारतीय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में आधिकारिक एंट्री करते हुए अपना पहला इलेक्ट्रिक स्कूटर Suzuki e-Access लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसकी एक्स-शोरूम कीमत 1.88 लाख रुपये तय की है। लॉन्च के साथ ही देशभर की डीलरशिप्स पर इसकी बुकिंग भी शुरू कर दी गई है।

Suzuki e-Access में 3.07 kWh की LFP बैटरी दी गई है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर 95 किलोमीटर तक की रेंज देने का दावा करती है। सुरक्षा और लॉन्ग लाइफ को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने LFP बैटरी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया है। स्कूटर में परमानेंट मैगनेट मोटर दी गई है, जो 5.5 bhp की पीक पावर और 15 Nm का टॉर्क जनरेट करती है। इसकी टॉप स्पीड 71 किमी प्रति घंटा बताई गई है।

डिजाइन की बात करें तो e-Access का लुक पेट्रोल Access से अलग और ज्यादा फ्यूचरिस्टिक रखा गया है। इसमें LED लाइटिंग, स्पोर्टी बॉडी पैनल और प्रीमियम फिनिश दी गई है। स्कूटर का वजन 122 किलोग्राम, सीट हाइट 765 मिमी, 12-इंच अलॉय व्हील्स, आगे डिस्क ब्रेक और पीछे ड्रम ब्रेक दिए गए हैं, जिससे यह शहर की रोजमर्रा की जरूरतों के लिए संतुलित विकल्प बनता है।

चार्जिंग के मामले में, पोर्टेबल AC चार्जर से स्कूटर को फुल चार्ज होने में करीब 6 घंटे 40 मिनट का समय लगता है, जबकि कंपनी के DC फास्ट चार्जर से यह सिर्फ 2 घंटे में चार्ज हो जाता है। सुजुकी ने देशभर में 240 से ज्यादा शोरूम्स पर DC फास्ट चार्जर और सभी डीलरशिप्स पर AC चार्जिंग सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही है।

Suzuki e-Access को चार ड्यूल-टोन कलर ऑप्शन—ब्लैक/रेड, व्हाइट/ग्रे, ग्रीन/ग्रे और ब्लू/ग्रे—में उतारा गया है। हालांकि कीमत के मामले में यह अपने सेगमेंट में सबसे महंगे इलेक्ट्रिक स्कूटर्स में शामिल है। यह बजाज चेतक, TVS iQube ST और Ather Rizta जैसे मॉडलों से करीब 30 से 50 हजार रुपये तक महंगा पड़ता है, जबकि पेट्रोल Access के टॉप वेरिएंट से इसकी कीमत लगभग दोगुनी है।

कंपनी ने जानकारी दी कि Suzuki e-Access को सबसे पहले Auto Expo 2025 में पेश किया गया था और अब इसका प्रोडक्शन गुरुग्राम प्लांट में शुरू हो चुका है। सुजुकी का कहना है कि यह उनका पहला ग्लोबल-स्टैटेजिक बैटरी इलेक्ट्रिक व्हीकल है, जिसमें क्वालिटी, सेफ्टी और स्मूद राइडिंग अनुभव पर खास फोकस किया गया है।

कंपनी को उम्मीद है कि रियल-वर्ल्ड कंडीशन में यह स्कूटर 65 से 75 किमी की रेंज देगा। अगर बाजार से अच्छी प्रतिक्रिया मिलती है, तो भविष्य में सुजुकी भारत में और भी इलेक्ट्रिक मॉडल्स उतार सकती है।

Related posts

दिल्ली हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: पीएम मोदी की डिग्री रहेगी गोपनीय, RTI से नहीं मिलेगी जानकारी

admin

फ्लाइट में गड़बड़ी की हैट्रिक: इंदौर में रनवे से लौटी इंडिगो, जयपुर में एअर इंडिया एक्सप्रेस रद्द, जम्मू जा रहा प्लेन दिल्ली वापस आया

admin

लीची: स्वाद के साथ सेहत का खजाना, लेकिन इन लोगों को रहना चाहिए सावधान

admin

Leave a Comment