23.9 C
Raipur
September 8, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

CGPSC परीक्षा कल: 238 पदों के लिए सख्त गाइडलाइन, देरी से पहुंचे तो नहीं मिलेगी एंट्री

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा कल आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के माध्यम से कुल 238 पदों पर भर्ती की जानी है। आयोग ने स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षा को पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए इस बार कड़े दिशा-निर्देश लागू किए गए हैं।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी। पहली पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 8:00 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य है, जबकि दूसरी पाली के लिए दोपहर 1:00 बजे तक उपस्थित होना होगा। पहली पाली में सुबह 9:45 बजे और दूसरी पाली में दोपहर 2:45 बजे मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

ड्रेस कोड को लेकर आयोग ने सख्ती बरती है। केवल हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर ही प्रवेश मिलेगा। काला, गहरा नीला, हरा, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े प्रतिबंधित हैं। महिलाओं के लिए सलवार-कुर्ती (आधी बांह) या साड़ी के साथ आधी बांह का ब्लाउज मान्य है। विवाहित महिला केवल नोज पिन और मंगलसूत्र पहन सकती हैं। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण प्रतिबंधित रहेगा। जूते, मोटे सोल या हाई हील वाले फुटवियर की अनुमति नहीं होगी; केवल पतले सोल वाली चप्पल या स्लिपर मान्य हैं।

मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, पेजर, डिजिटल घड़ी, गॉगल्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षा केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर से जांच, मैनुअल फ्रिस्किंग और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। प्रतिबंधित वस्तु मिलने पर अनुचित साधन का प्रकरण दर्ज किया जाएगा।

प्रवेश के लिए मूल फोटो पहचान पत्र अनिवार्य है। वोटर आईडी, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या आधार कार्ड में से कोई एक साथ लाना होगा। केवल CGPSC द्वारा जारी ऑनलाइन प्रवेश पत्र का प्रिंटआउट ही मान्य होगा। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा केंद्र का पता एक दिन पहले ही सत्यापित कर लें।

इस भर्ती में सबसे अधिक 51 पद नायब तहसीलदार के लिए स्वीकृत हैं। इसके अलावा मुख्य नगर पालिका अधिकारी और राज्य पुलिस सेवा के पद भी शामिल हैं।

Related posts

रथ खींचकर मांगा प्रदेश के लिए सुख-समृद्धि का आशीर्वाद: रथयात्रा महोत्सव में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने की शिरकत, सीएम साय ने निभाई छेरापहरा की परंपरा

admin

छत्तीसगढ़ में दिव्यांगों के नाम पर 1000 करोड़ का घोटाला, हाईकोर्ट ने CBI जांच के दिए आदेश

admin

“छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण पर सख्त कानून, सरकार का बड़ा कदम”

admin

Leave a Comment