छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले के गुंडरदेही गांव में तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी छठवीं कक्षा की छात्रा पूनम (12) को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन चालक ने मोहला और मानपुर में दो बैरिकेड्स तोड़ दिए और पुलिसकर्मियों को भी कुचलने की कोशिश की। करीब 55 किलोमीटर तक चली पीछा करने की कार्रवाई के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गया, तब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने बच्ची का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम किया। प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद प्रदर्शन समाप्त कराया। आरोपी चालक घायल है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
