April 19, 2026
The Defence
बड़ी खबर

लाल किले के पास कार में धमाका: 8 की मौत, 20 से ज्यादा घायल; राजधानी में हड़कंप, NIA जांच शुरू

दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला परिसर के पास सोमवार शाम को एक तेज धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। यह विस्फोट एक ह्यूंडई i20 कार में हुआ, जो रेड फोर्ट मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी थी। धमाका इतना भीषण था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियां और ऑटो-रिक्शे भी आग की चपेट में आ गए।

आसमान में धुएं का गुबार छा गया और आसपास के बाजारों में भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां ने आग पर काबू पाया। पुलिस और फोरेंसिक टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके को सील कर दिया गया।

8 लोगों की मौत की पुष्टि, 20 से ज्यादा घायल; कुछ की हालत गंभीर

दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने बताया कि हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हैं। घायलों को एलएनजेपी और सब्जी मंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि मृतकों की संख्या 10 तक पहुंच सकती है, लेकिन पुलिस ने आधिकारिक तौर पर अभी 8 मौतों की ही पुष्टि की है।

NIA और फोरेंसिक टीम जुटी जांच में, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे

घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीमें मौके पर पहुंचीं। कार के अवशेषों को जांच के लिए जब्त किया गया है। शुरुआती जांच में विस्फोटक पदार्थ की मौजूदगी की संभावना जताई जा रही है।

आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि धमाके से पहले और बाद की पूरी गतिविधि का पता लगाया जा सके।

राजधानी में हाई अलर्ट, सभी बॉर्डर और संवेदनशील इलाकों में सर्च ऑपरेशन जारी

दिल्ली के सभी बॉर्डर एरिया और प्रमुख बाजारों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने मुखर्जी नगर, चांदनी चौक, दरियागंज और कश्मीरी गेट जैसे इलाकों में सघन जांच अभियान शुरू किया है।

इसके अलावा, पड़ोसी राज्यों — हरियाणा, यूपी और राजस्थान — में भी सतर्कता बढ़ाई गई है।

लाल किला: देश की पहचान, अब जांच के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था

लाल किला न सिर्फ दिल्ली बल्कि पूरे देश की पहचान है। स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री यहीं से तिरंगा फहराते हैं। ऐसे में इस इलाके में धमाका होना सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ा सवाल खड़ा करता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह आतंकी साजिश साबित होती है, तो यह राजधानी के लिए सबसे बड़ा सुरक्षा अलर्ट होगा।

Related posts

मासूम की दरिंदगी पर न्याय का कठोर फैसला: दोषी को फांसी, कोर्ट बोली– समाज की आत्मा को झकझोरने वाला अपराध

admin

रेवंत रेड्डी ने नक्सलवाद को बताया विचारधारा, कहा मूल समस्याएँ सुलझाना ज़रूरी

admin

बिहार की जनता ने NDA पर भरोसा दोहराया; जीत के बाद पीएम मोदी बोले— अब हर घर में विकास की खीर पकेगी

admin

Leave a Comment