April 17, 2026
The Defence
बड़ी खबर

इंडिगो का बड़ा कदम: फ्लाइट संकट से प्रभावित यात्रियों को मिलेगा 10,000 का ट्रैवल वाउचर, ऑपरेशनल गड़बड़ियों पर कंपनी ने मांगी माफी

हाल ही में बड़े पैमाने पर ऑपरेशनल संकट झेलने के बाद एयरलाइन कंपनी इंडिगो (IndiGo) ने गुरुवार को यात्रियों के लिए बड़ा ऐलान किया है। 3 से 5 दिसंबर के बीच हुई उड़ानों की भारी कैंसलेशन और देरी से लाखों यात्री प्रभावित हुए थे। एयरलाइन ने घोषणा की है कि इस अवधि में बुरी तरह परेशान हुए यात्रियों को 10,000 रुपये का ट्रैवल वाउचर दिया जाएगा। हालांकि कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि किन यात्रियों को ‘गंभीर रूप से प्रभावित’ श्रेणी में शामिल किया जाएगा।

कंपनी के अनुसार कई ग्राहक घंटों तक एयरपोर्ट्स पर फंसे रहे, बढ़ती भीड़ और तकनीकी गड़बड़ियों के कारण यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इंडिगो ने कहा कि यह ट्रैवल वाउचर अगले 12 महीनों तक किसी भी भविष्य की इंडिगो यात्रा के लिए उपयोग किया जा सकेगा। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह वाउचर उस मुआवज़े से अलग है जिसे सरकार की गाइडलाइंस के अनुसार 5,000 से 10,000 रुपये तक देने की घोषणा पहले ही की जा चुकी थी।

संकट की मूल वजह कंपनी के विन्टर शेड्यूल में किए गए बदलाव और नए पायलट–क्रू ड्यूटी नियमों को लागू करने में आई दिक्कतों को माना जा रहा है। एयरलाइन हर दिन अपने नेटवर्क पर 2,200 से ज्यादा उड़ानें ऑपरेट करती है, लेकिन अचानक आई तकनीकी और स्टाफिंग चुनौतियों के चलते सरकार ने पहले ही इसकी संचालन क्षमता में 10% की कटौती कर दी थी, जिससे फ्लाइट कैंसलेशन और बढ़ गए।

बुधवार को इंडिगो को दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे बड़े एयरपोर्ट्स पर 220 उड़ानें कैंसल करनी पड़ीं। सिर्फ दिल्ली में 137 फ्लाइट्स रद्द हुईं, जिससे हजारों यात्री प्रभावित हुए। सूत्रों के अनुसार बेंगलुरु एयरपोर्ट से ही 60 उड़ानों को रद्द किया गया—इसमें 32 आने वाली और 28 जाने वाली उड़ानें शामिल थीं।

इंडिगो के चेयरमैन विक्रम मेहता ने पहली बार इस संकट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कंपनी यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताती है। मेहता ने तकनीकी समस्याओं, विंटर सीजन में बढ़ते ट्रैफिक, एयरपोर्ट पर भीड़ और अपडेटेड स्टाफ रोस्टरिंग नियमों को इस संकट की मुख्य वजह बताया।

उधर डीजीसीए (DGCA) ने एयरलाइन से पूरी रिपोर्ट मांगी है, जिसमें ऑपरेशनल रुकावटों पर विस्तृत जानकारी और डेटा शामिल होगा। एयरलाइन के CEO पीटर एल्ब्स गुरुवार दोपहर 3 बजे नियामक के समक्ष प्रस्तुत होंगे।

इंडिगो ने उम्मीद जताई है कि स्थिति जल्द स्थिर होगी और वह गुरुवार को 1,950 से अधिक उड़ानें संचालित करने का लक्ष्य पूरा करेगी।

यह संकट न केवल देश के सबसे बड़े एयरलाइन नेटवर्क की क्षमता पर सवाल खड़े करता है, बल्कि एयर ट्रैवल सेक्टर में विन्टर सीजन की चुनौतियों को भी उजागर करता है। कंपनी द्वारा दिया जा रहा वाउचर प्रभावित यात्रियों को राहत देने का प्रयास है, लेकिन आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि इंडिगो अपनी सेवाओं को किस तरह सामान्य करती है और यात्रियों का भरोसा दोबारा जीत पाती है या नहीं।

Related posts

चीन में बड़ा रेल हादसा: टेस्ट ट्रेन ने ट्रैक पर काम कर रही टीम को रौंदा

admin

छत्तीसगढ़ में वन भैंसा संरक्षण को झटका, नवजात शावक की अचानक मौत

admin

एनआरसी को लेकर मुस्लिम समाज को सतर्क रहने की नसीहत, मुफ़्ती ए आज़म ने जारी किया दिशा-निर्देश

admin

Leave a Comment