दुर्ग-भिलाई। जिले में बढ़ते फरार वारंटियों के मामलों पर नकेल कसने के लिए दुर्ग पुलिस ने शुक्रवार तड़के एक विशेष अभियान चलाया। इस व्यापक कार्रवाई में जिले के सभी थानों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। अभियान के दौरान कुल 66 फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। इनमें अदालत में बार-बार गैरहाजिर रहने वाले 26 स्थायी वारंटी और विभिन्न आपराधिक मामलों से जुड़े 40 गिरफ्तारी वारंटी शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि कई आरोपी लंबे समय से न्यायालय के समक्ष पेश नहीं हो रहे थे और लगातार फरार चल रहे थे, जिसके कारण इनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट लंबित थे। अभियान की योजना बनाकर पुलिस टीमों ने अलग-अलग इलाकों में दबिशें दीं और सभी को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों का फिंगरप्रिंट प्रोसेस पूरा करने के बाद उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अभियान के सफल संचालन के बाद, पुलिस अब फरार वारंटियों पर डिजिटल निगरानी प्रणाली को और मज़बूत करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत तकनीकी माध्यमों से ऐसे लोगों की लोकेशन ट्रैक की जाएगी, जिनके खिलाफ नया वारंट जारी होगा, ताकि तुरंत कार्रवाई की जा सके और फरारी की गुंजाइश खत्म हो सके।
थानों के अनुसार गिरफ्तारी का विवरण
स्थायी वारंट
दुर्ग थाना – 4
पुरानी भिलाई, जामुल, स्मृति नगर, नंदिनी – 3-3
सुपेला, भिलाई नगर, भिलाई भट्टी – 2-2
कुम्हारी, वैशाली नगर, मोहन् नगर, अमलेश्वर – 1-1
गिरफ्तारी वारंट
निवाई – 6
छावनी, सुपेला – 5-5
दुर्ग – 4
मोहन नगर – 3
खुर्सीपार, वैशाली नगर, स्मृति नगर – 2-2
भिलाई भट्टी, रानीतराई, अमलेश्वर, अंडा – 2-2
भिलाई नगर, पुलगांव, मचानदूर – 1-1
पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए ऐसे अभियानों को भविष्य में भी जारी रखा जाएगा। यह अभियान इस बात का संकेत है कि फरार चल रहे आरोपी अब पुलिस की निगरानी से बच नहीं पाएंगे।
