नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट–पोस्टग्रेजुएट (CUET PG) 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 14 दिसंबर 2025 से शुरू कर दी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट exams.nta.nic.in/cuet-pg या nta.ac.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 14 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है।
आधिकारिक नोटिस के अनुसार, CUET PG 2026 का आयोजन 157 विषयों के लिए किया जाएगा। यह परीक्षा देशभर के 292 शहरों और भारत से बाहर 16 शहरों में आयोजित होगी। परीक्षा का आयोजन मार्च 2026 में किया जाएगा और यह पूरी तरह कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में होगी।
CUET PG के माध्यम से सफल उम्मीदवार शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए केंद्रीय, राज्य, डीम्ड, प्राइवेट विश्वविद्यालयों और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में पोस्टग्रेजुएट (PG) पाठ्यक्रमों में दाखिला ले सकेंगे। यह परीक्षा देशभर में PG प्रवेश प्रक्रिया को एक समान और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से आयोजित की जाती है।
एनटीए ने आवेदन प्रक्रिया को आसान और पूरी तरह ऑनलाइन रखा है। उम्मीदवारों को पहले वेबसाइट पर जाकर Registration for CUET (PG)–2026 लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करना होगा, फिर आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियां भरनी होंगी। उम्मीदवारों को निर्धारित साइज में जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे और अंत में आवेदन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म सबमिट करना होगा। भविष्य के लिए फॉर्म का प्रिंटआउट निकालकर रखना अनिवार्य बताया गया है।
जो उम्मीदवार आवेदन करते समय किसी प्रकार की गलती कर देते हैं, उनके लिए एप्लिकेशन करेक्शन विंडो भी दी गई है। यह करेक्शन विंडो 18 से 20 जनवरी 2026 तक (रात 11:50 बजे तक) खुली रहेगी। इस दौरान उम्मीदवार अपने फॉर्म में आवश्यक सुधार कर सकेंगे।
आवेदन शुल्क की बात करें तो श्रेणी के अनुसार फीस तय की गई है।
- जनरल वर्ग के लिए दो पेपर की फीस ₹1400 और प्रत्येक अतिरिक्त पेपर के लिए ₹700
- OBC/EWS के लिए दो पेपर की फीस ₹1200 और अतिरिक्त पेपर ₹600
- SC/ST/थर्ड जेंडर के लिए दो पेपर की फीस ₹1100 और अतिरिक्त पेपर ₹600
- PwBD उम्मीदवारों के लिए दो पेपर की फीस ₹1000 और अतिरिक्त पेपर ₹600
- इंटरनेशनल कैंडिडेट्स के लिए दो पेपर की फीस ₹7000 और अतिरिक्त पेपर ₹3500 रखी गई है।
CUET PG 2026 को लेकर एनटीए ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और मानकीकृत प्रक्रिया के तहत आयोजित की जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि अंतिम समय की किसी परेशानी से बचा जा सके।
