25.2 C
Raipur
September 7, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

रायपुर में शराब भट्टी के पास युवक की निर्मम हत्या, चाकू से ताबड़तोड़ वार; CCTV खंगाल रही पुलिस

राजधानी रायपुर में एक बार फिर चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। फाफाडीह क्षेत्र स्थित शराब भट्टी के पास बुधवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। युवक को गंभीर हालत में सड़क किनारे खून से लथपथ पड़ा देख पुलिस को सूचना दी गई।

जानकारी के अनुसार, रात गश्त के दौरान पुलिस टीम को शराब भट्टी के पास एक युवक घायल अवस्था में मिला। पुलिस ने तत्काल उसे मेकाहारा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अमर लोहार (29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक के गाल, पेट, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू के कई गहरे घाव हैं। पुलिस का अनुमान है कि हमलावरों ने बेहद नजदीक से उस पर ताबड़तोड़ वार किए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं मृतक के परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। देवेंद्र नगर थाना पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती तौर पर मामला आपसी विवाद या पुरानी रंजिश से जुड़ा हो सकता है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Related posts

बस्तर से सरगुजा तक विकास की रफ्तार: मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से 250 गाँवों तक पहुँची यात्री सेवा

admin

दिनदहाड़े 2.50 लाख की लूट, बैंक से लौट रहे ग्रामीण को बीच रास्ते बदमाशों ने रोका — CCTV से मिले अहम सुराग

admin

AI के जाल में फंसेंगे बाइक चोर: राजधानी पुलिस की स्पेशल टीम अलर्ट सिस्टम से करेगी ताबड़तोड़ कार्रवाई

admin

Leave a Comment