September 6, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

रायपुर में LPG सप्लाई पर कलेक्टर की सख्ती: कालाबाजारी पर कार्रवाई की सख्त चेतावनी

रायपुर में एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी सिलसिले में रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिले के ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों और एलपीजी डीलर्स के साथ बैठक कर गैस आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से बनाए रखी जाए ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

कलेक्टर ने अधिकारियों और डीलर्स को निर्देशित किया कि गैस सिलेंडरों की बुकिंग के बाद समय पर डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। साथ ही गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी या किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और उपभोक्ताओं को तय नियमों के अनुसार गैस उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि जिले में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उपभोक्ता जिला कलेक्टर कॉल सेंटर के नंबरों पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

इधर, कुछ क्षेत्रों में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की कमी को देखते हुए छत्तीसगढ़ होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने अपने सदस्यों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एसोसिएशन ने होटल, कैटरिंग और फूड बिजनेस से जुड़े लोगों को सलाह दी है कि वे गैस सिलेंडरों की घबराहट में खरीदारी या जमाखोरी से बचें और आवश्यकता के अनुसार ही गैस का उपयोग करें।

एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि जहां संभव हो, आपात स्थिति में इलेक्ट्रिक कुकिंग उपकरणों जैसे इंडक्शन कुकटॉप, इलेक्ट्रिक हॉट प्लेट, इलेक्ट्रिक राइस कुकर और इलेक्ट्रिक केतली का उपयोग किया जा सकता है। साथ ही वैकल्पिक ईंधन व्यवस्था जैसे पीएनजी, बल्क एलपीजी स्टोरेज सिस्टम और हाइब्रिड इलेक्ट्रिक किचन उपकरणों पर भी विचार करने की सलाह दी गई है।

बैठक में मौजूद अधिकारियों और डीलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आम जनता से अपील की कि वे किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में गैस सिलेंडर की खरीदारी न करें। उनका कहना है कि होली के कारण वितरण में थोड़ी देरी हुई थी, जिसे अब सामान्य कर लिया गया है और आने वाले समय में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी।

Related posts

मोबाइल लूट विवाद ने पकड़ा तूल, विधायक पर लगे आरोप से गरमाया माहौल

admin

फरार कैदी ने बिलासपुर में किया सरेंडर, जेल में भ्रष्टाचार और प्रताड़ना के लगाए सनसनीखेज आरोप

admin

छत्तीसगढ़ को मिलने वाला है बड़ा सरप्राइज! BJP की नई टीम में क्या होगा खास?

admin

Leave a Comment