उमरिया के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा कोर क्षेत्र में तेंदूपत्ता तोड़ने गई 30 वर्षीय महिला पर बाघ ने हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान कुडरी निवासी ममता यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सुबह 7 से 8 बजे के बीच जंगल गई थी, तभी बाघ ने हमला कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और टाइगर रिजर्व की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को लगातार सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। पिछले 15 दिनों में यह दूसरी मौत है, जबकि तीन लोग घायल भी हो चुके हैं।
