रायपुर में चर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में सीबीआई ने बड़ा कदम उठाते हुए विशेष अदालत में 25 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। अदालत ने चार्जशीट पर संज्ञान लेते हुए मामले के 8 मुख्य आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। वहीं, बाकी 17 आरोपी पहले से सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के कारण फिलहाल गिरफ्तार नहीं किए जाएंगे।
चार्जशीट में कई प्रमुख आरोपियों के नाम शामिल हैं। सीबीआई का कहना है कि मामले की जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर आरोप तय किए गए हैं। अदालत ने अब आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की सुनवाई जारी रहेगी।
बचाव पक्ष के अनुसार, जिन 17 आरोपियों को पहले सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल चुकी है, उनकी जमानत फिलहाल जारी रहेगी। वहीं, असीम दास का मामला अलग माना गया है और उन्हें फिलहाल नई जमानत लेने की जरूरत नहीं होगी। महादेव ऐप केस को देश के सबसे चर्चित ऑनलाइन सट्टेबाजी मामलों में से एक माना जाता है।
