रायपुर | राजधानी रायपुर की सड़कों पर मंगलवार रात चार युवकों ने चलती कार की सनरूफ पर बैठकर शराब पीने और सिगरेट पीने का खतरनाक स्टंट किया। युवकों की यह हरकत किसी मस्ती तक सीमित नहीं रही — उन्होंने सार्वजनिक जगह पर ट्रैफिक नियम तोड़े, नशे में ड्राइविंग की और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
घटना का वीडियो वायरल होते ही गोलबाजार थाना पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया। सभी युवक पंजाब और हरियाणा के रहने वाले हैं और रायपुर में घूमने आए थे।
वीडियो बना बवाल की वजह
वीडियो में युवक चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर सीट पर खड़े नजर आए। उनके हाथ में सिगरेट थी और कुछ शराब पीते भी दिखे। राह चलते लोगों ने यह वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही पुलिस हरकत में आई। कार की पहचान कर गोलबाजार क्षेत्र में दबिश दी गई। चारों युवकों को गिरफ्तार किया गया और मेडिकल जांच में नशे की पुष्टि हुई। पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव, सार्वजनिक उपद्रव, खतरनाक ड्राइविंग और शांति भंग की धाराओं में केस दर्ज किया।
युवकों ने पुलिस से भी की बदतमीजी
गिरफ्तारी के दौरान युवक पुलिस से बदसलूकी करने लगे। माफी मांगने की बजाय वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगे, लेकिन पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें सीधे जेल भेजा।
कानूनी धाराएं जो लगाई गईं:
- आईपीसी धारा 279 – लापरवाही से वाहन चलाना
- आईपीसी धारा 510 – नशे में शांति भंग करना
- मोटर व्हीकल एक्ट 185 – शराब पीकर वाहन चलाना
- आईपीसी धारा 290 – सार्वजनिक स्थान पर उपद्रव
