April 17, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

शादी का जश्न पड़ा भारी: बिलासपुर के मुकुंदपुर में फूड पॉइजनिंग से 40 लोग बीमार

छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले के पचपेड़ी क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव में एक शादी समारोह के बाद अचानक बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में शामिल करीब 40 लोगों को उल्टी, चक्कर और कमजोरी की शिकायत होने लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के उपचार के बाद सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि मुकुंदपुर गांव निवासी मंगल पैकरा के घर बेटी की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। शनिवार को घर में हरदियाही की रस्म का आयोजन किया गया था, जिसमें परिवार के सदस्य और मोहल्ले के कई लोग शामिल हुए थे। कार्यक्रम के बाद सभी लोगों ने वहीं भोजन किया और रात में आराम करने चले गए। रविवार सुबह जब लोग नाश्ता करने के बाद अपने काम में लगे, तभी अचानक कई लोगों की तबीयत खराब होने लगी। कुछ ही देर में महिलाओं, बच्चों और पुरुषों को उल्टी और कमजोरी की शिकायत होने लगी और देखते ही देखते दर्जनों लोग बीमार पड़ गए।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव के सरपंच और ग्रामीण सक्रिय हो गए और बीमार लोगों को तुरंत निजी वाहनों और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। कई मरीजों को पामगढ़ अस्पताल और मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। मस्तूरी स्वास्थ्य केंद्र में करीब 35 मरीजों को भर्ती किया गया।

एक साथ बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने से अस्पताल में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बेड की कमी के कारण कुछ मरीजों को एक ही बेड पर दो से तीन लोगों को लिटाकर इलाज करना पड़ा। अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल व्यवस्था दुरुस्त की और मरीजों का उपचार जारी रखा।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शादी समारोह में परोसे गए भोजन या नाश्ते की किसी चीज के कारण फूड पॉइजनिंग की स्थिति बनी है। स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और भोजन के सैंपल की जांच की जा रही है। फिलहाल डॉक्टरों के मुताबिक सभी मरीज खतरे से बाहर हैं और उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है।

Related posts

नवा रायपुर मेडिकल कॉलेज घोटाला: मान्यता के लिए 55 लाख की रिश्वत, 6 गिरफ्तार, 29 आरोपी अब भी फरार

admin

छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले की जांच में ED ने पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र की संपत्ति ज़ब्त की

admin

तालाब में मिला पोल्ट्री फार्म संचालक का शव: पत्थर बाँधकर की गई हत्या, प्रेम-प्रसंग की आशंका पर पुलिस की जांच तेज

admin

Leave a Comment