12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के 32 सेकंड बाद ही एक मेडिकल हॉस्टल की इमारत से टकरा गई थी। इस भीषण विमान हादसे में 270 लोगों की जान चली गई थी। अब इस दुर्घटना से जुड़ा एक संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें ब्रिटेन के दो पीड़ित परिवारों ने दावा किया है कि उन्हें गलत शव सौंप दिए गए हैं।
ब्रिटिश अखबार डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, इन परिवारों को लगा कि उनके परिजनों के शव उन्हें सौंपे जा रहे हैं और उन्होंने अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दीं। लेकिन जब शवों का DNA परीक्षण किया गया, तो सामने आया कि शव उनके परिजन के नहीं, बल्कि किसी अन्य यात्री के हैं। इससे इन परिवारों को अंतिम संस्कार की योजना तत्काल रद्द करनी पड़ी।
परिजनों के वकील जेम्स हीली ने कहा कि शवों की पहचान पूरी तरह से गलत हुई है और DNA रिपोर्ट में यह साफ हो गया है कि शव उनके परिजनों से मेल नहीं खाते। यह लापरवाही न सिर्फ भावनात्मक रूप से परिवारों को झकझोर रही है, बल्कि एयर इंडिया की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के बाद 13 शवों को ब्रिटेन भेजा गया था। दुर्घटना के समय विमान में कुल 242 यात्री और 28 क्रू मेंबर सवार थे, जिनमें 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक भी शामिल थे। सभी की इस हादसे में मौत हो गई थी।
एयर इंडिया की ओर से अब तक इस गंभीर मुद्दे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन एसआई इंडिया ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटनाक्रम ने विमान हादसे की पीड़ा झेल रहे परिवारों के लिए और भी मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। अब उम्मीद की जा रही है कि शवों की सही पहचान कर उन्हें सही परिजनों तक पहुंचाने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।
