July 29, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

कोरबा में रफ्तार का कहर: तेज रफ्तार बाइक ने तोड़ा बैरियर, खंभे से टकराने पर एक युवक की मौत, दो गंभीर घायल

कोरबा, 29 सितंबर 2025। कोरबा जिले में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां तेज गति से चल रही बाइक ने एक युवक की जान ले ली और दो अन्य को गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह सड़क दुर्घटना कटकठोरा थाना क्षेत्र के रजकम्मी टोल नाके के पास रविवार की शाम हुई।

जानकारी के अनुसार, पाली निवासी 24 वर्षीय अमन जांगड़े अपने साथी जौहर सिंह और एक अन्य दोस्त के साथ बाइक से कटकठोरा आया था। शाम के समय तीनों युवक वापस पाली लौट रहे थे। इस दौरान बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक अमन जांगड़े बाइक पर नियंत्रण खो बैठा। बाइक ने पहले टोल नाके का बैरियर तोड़ा और फिर 50 मीटर दूर जाकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई।

भयानक टक्कर के बाद तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर पर गंभीर चोट लगने से अमन जांगड़े की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। जांच के बाद डॉक्टरों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। वहीं जौहर सिंह और एक अन्य युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बिलासपुर रेफर कर दिया।

पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बाइक की अत्यधिक रफ्तार इस हादसे का मुख्य कारण रही। स्थानीय लोगों ने बताया कि उस समय सड़क पर ट्रैफिक कम था, जिसके कारण युवक तेज गति से बाइक चला रहे थे।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या रफ्तार के आगे जीवन की कीमत इतनी सस्ती हो चुकी है? पुलिस अब घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि आगे ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

Related posts

संपत्ति कर नहीं भरा तो सख्ती: रायपुर में कॉलोनाइजर शैलेष वर्मा समेत 15 बड़े बकायादारों की दुकानें-गोदाम सील

admin

“दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने वाले ‘राहवीरों’ को मिलेगा नकद सम्मान

admin

PIB का गुजरात अध्ययन दौरा: छत्तीसगढ़ के पत्रकार विकास और आधुनिक परियोजनाओं को करीब से जानेंगे

admin

Leave a Comment