पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PRSU) में अब ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ODL) कोर्स शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। हाल ही में विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) से A+ ग्रेड मिलने के बाद अब यह उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक और बड़ा कदम उठाने के लिए पात्र हो गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग मोड में कोर्स शुरू करने के लिए यूजीसी (University Grants Commission) को जल्द ही औपचारिक पत्र भेजा जाएगा। यूजीसी की अनुमति मिलते ही विद्यार्थियों को नियमित कक्षाओं में उपस्थित हुए बिना, ऑनलाइन और दूरस्थ माध्यम से स्नातक व स्नातकोत्तर स्तर के कोर्स करने का अवसर मिलेगा।
अधिकारियों के अनुसार, इस पहल से उन विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी जो नौकरी, दूरी या अन्य कारणों से नियमित कक्षाओं में नहीं आ पाते। ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग के तहत बीए, बीकॉम, एमए, एमकॉम जैसे पारंपरिक कोर्स सबसे पहले शुरू किए जाने की संभावना है।
NAAC में A+ ग्रेड हासिल करने के बाद PRSU अब प्रदेश के चुनिंदा विश्वविद्यालयों में शामिल हो गया है जो गुणवत्ता, संसाधन और शैक्षणिक उत्कृष्टता के मानकों पर खरे उतरते हैं। विश्वविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि यह उपलब्धि न केवल संस्थान की प्रतिष्ठा बढ़ाएगी बल्कि छात्रों को लचीला और सुलभ शिक्षा विकल्प भी उपलब्ध कराएगी।
