April 17, 2026
The Defence
accidentsबड़ी खबर

चीन में बड़ा रेल हादसा: टेस्ट ट्रेन ने ट्रैक पर काम कर रही टीम को रौंदा

बीजिंग | चीन के दक्षिणी प्रांत यूनान में गुरुवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया, जब भूकंप मापने वाले उपकरणों की जांच के दौरान एक टेस्ट ट्रेन ने ट्रैक पर काम कर रहे रेलवे कर्मचारियों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 11 कर्मचारियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए।

यह हादसा कुनमिंग शहर के लुओयांगजेन रेलवे स्टेशन के पास हुआ, जहां कर्मचारी एक टर्निंग ट्रैक पर मरम्मत और तकनीकी परीक्षण कार्य कर रहे थे। उसी दौरान टेस्ट ट्रेन नंबर 55537 तेज रफ्तार से उसी ट्रैक पर आ गई और कर्मचारियों को कुचलते हुए आगे निकल गई।

रेलवे और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

चीन का दावा– हाई-स्पीड रेल दुनिया में सबसे सुरक्षित, पर सबसे ज्यादा हादसे मरम्मत के दौरान

चीन लंबे समय से अपनी हाई-स्पीड रेल प्रणाली को दुनिया की सबसे सुरक्षित और तकनीकी रूप से उन्नत बताता रहा है। हाई-स्पीड ट्रेनें ऑटोमैटिक सिस्टम पर चलती हैं, जिससे मानव त्रुटि की संभावना बेहद कम होती है।

लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि सबसे ज्यादा खतरा ट्रैक की मरम्मत, तकनीकी जांच और टेस्ट रन के दौरान होता है, जब कर्मचारी पटरियों पर होते हैं और उसी समय ट्रेनें भी ट्रैक पर मूव करती रहती हैं। मशीन–मानव तालमेल की कमी ऐसे हादसों का बड़ा कारण बनती है।

एक्सपर्ट्स का मत– तकनीक नहीं, असल समस्या कम्युनिकेशन गैप

कई रेलवे यूनियनों और विशेषज्ञों ने माना है कि मुख्य वजह तकनीकी खराबी नहीं, बल्कि सिग्नलिंग सिस्टम और ग्राउंड टीम के बीच कम्युनिकेशन की गंभीर कमी है।

अक्सर टीमों तक समय पर यह जानकारी नहीं पहुंचती कि ट्रैक बंद है या खुला, ट्रेन आने वाली है या नहीं, सिग्नल बदला गया है या नहीं।इसी वजह से कई बार ड्राइवर को चेतावनी समय पर नहीं मिल पाती।

2011 के बाद दूसरी सबसे बड़ी दुर्घटना

यह हादसा चीन में 2011 के बाद दूसरी सबसे बड़ी ट्रेन दुर्घटना है। 2011 में झेजियांग प्रांत में एक बड़े ट्रेन हादसे में 40 लोगों की मौत हुई थी।

2021 में भी गांसू प्रांत में टेस्ट रन के दौरान एक ट्रेन ने ट्रैक पर काम कर रही टीम को टक्कर मारी थी, जिसमें 9 लोग मारे गए थे।

दबाव और पारदर्शिता पर उठते सवाल

विशेषज्ञों के अनुसार, चीन का रेलवे नेटवर्क तेज़ी से बढ़ रहा है, इस वजह से काम का दबाव बढ़ता है और कई बार मरम्मत रात में या सीमित समय में करनी पड़ती है, जिससे मानव त्रुटियों की संभावना बढ़ जाती है।

इसके अलावा चीन अक्सर दुर्घटना जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं करता, जिससे हादसों के असली कारणों पर सवाल बने रहते हैं।

Related posts

MMC ज़ोन के नक्सलियों की सामूहिक सरेंडर की पेशकश, तीन राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भेजी चिट्ठी

admin

संबल में दंगों से जनसंख्या संरचना पर असर, न्यायिक आयोग की रिपोर्ट सौंपा गया सीएम योगी को

admin

“असम में अडानी निवेश पर घिरती सरकार, भूमि अधिग्रहण से उपजे जनआंदोलन”

admin

Leave a Comment