कवर्धा | छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के ग्राम पोड़ी में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली देसी शराब बनाने के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई कांग्रेस समर्थित पूर्व सरपंच नंद कुमार कुर्रे के घर स्थित गुड़ फैक्ट्री पर की गई, जहां महीनों से अवैध प्लेन शराब तैयार की जा रही थी।
26 नवंबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की। टीम के पहुंचते ही आरोपियों ने सामानों को रेत में छिपाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में नकली शराब बनाने का जखीरा जब्त कर लिया।
मकान से मिला पूरा मिनी-लिकर प्लांट
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गुड़ फैक्ट्री की आड़ में पूरा अवैध शराब निर्माण प्लांट संचालित किया जा रहा था। यहां से
खाली बोतलें,नकली स्टिकर ,हॉलोग्राम, प्रिंटेड ढक्कन, 25 लीटर क्षमता के 42 जरीकेन पानी के जार और तीन बॉटलिंग मशीनें बरामद की गईं।
इसके अलावा झारखंड से मंगाए गए केमिकल और स्पिरिट का उपयोग कर नकली प्लेन देसी शराब तैयार की जाती थी।
चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
गिरफ्तार आरोपियों में—
1. नंद कुमार कुर्रे, 34 वर्ष
2. इस्लाम उर्फ सद्दू, 45 वर्ष
3. शेख साजिद, 28 वर्ष
4. छोटू उर्फ दिनेश चंद्रवंशी, 26 वर्ष
एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि: नकली शराब बनाने के लिए पैकिंग सामग्री, होलोग्राम, लेबल, ढक्कन और केमिकल झारखंड से सप्लाई किया जाता था। गिरोह की सप्लाई चेन कई राज्यों तक फैली हो सकती है। एक आरोपी पहले गांजा प्रकरण में जेल जा चुका है।
8800 ML नकली शराब और भारी मात्रा में सामान बरामद
मौके से जब्त सामग्री में शामिल है—
- 8820 ML नकली प्लेन शराब
- नकली स्टिकर 6 बंडल
- हॉलोग्राम 8 पेज
- खाली बोतलें 7 बोरी
- नकली प्रिंटेड ढक्कन
- 42 जरीकेन (25 लीटर)
- पानी के 19 जार
- और अन्य अवैध पैकिंग सामग्री
पुलिस कर रही सप्लाई चेन और मास्टरमाइंड का पता
एसपी धर्मेंद्र सिंह के अनुसार, पुलिस यह पता लगा रही है कि यह अवैध कारोबार कब से चल रहा था, कच्ची सामग्री कहां से लाई जाती थी और तैयार नकली शराब किन इलाकों में सप्लाई की जा रही थी। संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है।
