30.1 C
Raipur
September 8, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

जर्जर पानी-टंकी पर चढ़े दो युवक, लौह सीढ़ी टूटते ही बड़ा हादसा—एक गंभीर घायल, दूसरा आधे घंटे की रेस्क्यू कार्रवाई के बाद सुरक्षित उतारा गया

दुर्ग–भिलाई क्षेत्र के सेक्टर-6 में शनिवार की शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक पुरानी और जर्जर पानी-टंकी पर मस्ती करने के लिए चढ़े दो युवकों में से एक लोहे की टूटी सीढ़ी के साथ नीचे गिर गया। गिरने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा युवक टंकी के ऊपर ही फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, डायल-112 और एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और दोनों की जान बचाई।

पुलिस के मुताबिक, निजी कॉलेज में बीबीए तृतीय सेमेस्टर का छात्र अक्षत कुमार प्रसाद (21) और उसका मित्र सुमित भक्त (19) सेक्टर-6 स्थित पुरानी, जंग लगी और जर्जर हो चुकी पानी-टंकी पर चढ़ गए थे। उतरते समय अचानक सीढ़ी का बड़ा हिस्सा टूट गया। इससे अक्षत संतुलन खो बैठा और लगभग 30 फीट नीचे गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गया। उसके हाथ-पैर में गहरी चोटें आईं। दूसरी ओर, सुमित टंकी के ऊपरी हिस्से में फंस गया और नीचे आने में असमर्थ था।

सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल अक्षत को तुरंत सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। पुलिस ने परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी। इसके बाद टंकी के ऊपर फंसे सुमित को सुरक्षित उतारने के लिए एसडीआरएफ दुर्ग की विशेष टीम बुलाई गई। सुरक्षा उपकरणों और रस्सियों की मदद से लगभग आधे घंटे के कठिन ऑपरेशन के बाद सुमित को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला कि दोनों युवक मस्ती करने के उद्देश्य से टंकी पर चढ़ गए थे। पुलिस का कहना है कि पानी-टंकी की हालत बेहद खराब है और उस पर चढ़ना खतरनाक है। घायल छात्र एलआईजी-76, कैलाश नगर जामुल निवासी है, जबकि दूसरा युवक मैत्री कुंज रिसाली में रहता है।

पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और पूछताछ में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार, टंकी इतनी कमज़ोर हो चुकी है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

Related posts

22 दिन से जमे अतिथि शिक्षकों पर पुलिस की कार्रवाई, बसों में बैठाकर हटाया गया धरना

admin

राजिम कल्प-कुंभ में आस्था का सफर आसान: रायपुर से 2 स्पेशल ट्रेनें, 1–15 फरवरी तक चलेगी सेवा

admin

IND-SA मैच में लोकल स्टूडेंट्स के लिए 15% फ्री टिकट की मांग तेज: NSUI ने डी-डायरेक्टर को सौंपा ज्ञापन

admin

Leave a Comment