July 21, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

स्कूल ड्राइवर की संदिग्ध मौत: कपड़े खरीदने निकला था, रात में बेटे से बात हुई, अगली सुबह शराब दुकान के पास मिला शव

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सोमवार सुबह एक स्कूल ड्राइवर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान आईडी कार्ड के आधार पर प्रहलाद साहनी (45) के रूप में हुई है, जो एलसीआईटी पब्लिक स्कूल बोदरी में ड्राइवर के रूप में कार्यरत था। वह हिर्री माइंस स्थित इन्द्रपुरी कॉलोनी का रहने वाला था।

पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे प्रहलाद अपने बच्चों के लिए कपड़े खरीदने घर से निकला था। परिजनों ने बताया कि रात करीब 8 बजे उसकी अपने बेटे से अंतिम बार बात हुई थी। उसने जल्द घर लौटने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और वह घर नहीं पहुंचा। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे।

अगली सुबह स्थानीय लोगों ने सकरी थाना क्षेत्र में शराब दुकान के पास सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर प्रहलाद की बाइक भी खड़ी मिली। उसके कान और आंख के पास चोट के निशान थे, हालांकि कोई गहरा घाव नहीं दिखा, जिससे हत्या का शक कमजोर पड़ता है, लेकिन मौत की स्थिति संदिग्ध होने के कारण जांच जरूरी है।

मृतक के गले में लटका आईडी कार्ड मिलने पर पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से संपर्क कर उसकी पहचान की पुष्टि की। इसके बाद परिजनों को घटना की सूचना दी गई, जिन्होंने बताया कि देर रात तक उसके नहीं लौटने पर वे परेशान थे।

टीआई विजय चौधरी ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा करवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में गहरे घाव न मिलने से पुलिस हादसा या किसी अन्य कारण से मौत, दोनों ही संभावनाओं को परख रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

घटना की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और उस रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालकर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने की कोशिश कर रही है।

Related posts

राजेश मूणत ने शिक्षा को दी नई उड़ान, छात्रों को प्रोत्साहन राशि और स्कूल को आधुनिक सुविधाओं का तोहफा

admin

7 घंटे तक पुलिस को छकाने वाला गांजा तस्करी का आरोपी गिरफ्तार, 4 पुलिसकर्मी निलंबित

admin

सिम्स में मशीन खरीदी पर सवाल: हाईकोर्ट ने सरकार से मांगा शपथपत्र, मरीजों को हो रही दिक्कत

admin

Leave a Comment