April 19, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

गुरु घासीदास जयंती की शोभायात्रा में हिंसा: नाचने के विवाद ने ली युवक की जान, कई हिरासत में

रायपुर के मोवा रोड क्षेत्र में गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा उस समय हिंसक हो गई, जब धुमाल बैंड की धुन पर नाचने को लेकर युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया। शुरुआत में मामूली कहासुनी के रूप में सामने आया यह विवाद देखते ही देखते धक्का-मुक्की और फिर मारपीट में बदल गया। भीड़ अधिक होने के कारण स्थिति पर तुरंत नियंत्रण नहीं पाया जा सका।

घटना गुरुवार रात मोवा बाजार के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शोभायात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे और धुमाल बैंड के साथ कुछ युवक नाच रहे थे। इसी दौरान कुछ अन्य युवकों से नाचने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर किसी अज्ञात युवक ने धारदार हथियार से 18 वर्षीय दिनेश निषाद पर हमला कर दिया। दिनेश को गंभीर हालत में देर रात अस्पताल ले जाया गया, जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक दिनेश निषाद, जोमैटो डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था और डबरीपारा इलाके का निवासी था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने अब तक करीब आधा दर्जन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जिनमें कुछ नाबालिग भी बताए जा रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

घटना के बाद समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला। शुक्रवार शाम समाज के पदाधिकारी पंडरी थाने पहुंचे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। समाज के लोगों का कहना है कि धार्मिक आयोजनों में इस तरह की हिंसा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि शनिवार तक पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Related posts

DEO को परीक्षा कराने का आदेश वापस — निजी स्कूल पहले की तरह एग्जाम कर सकेंगे

admin

भिलाई में हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का खुलासा: पॉकेट मनी से शुरू हुआ धंधा बना संगठित नेटवर्क, 50+ उम्र के ग्राहक आते थे

admin

वनतारा को भेजे गए दुर्लभ सफेद भालू-हिरण पर बवाल: प्रोटोकॉल उल्लंघन का आरोप, संरक्षण प्रेमियों ने मांगी वापसी

admin

Leave a Comment