बिलासपुर के राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई में आज से तीन दिवसीय राज्य युवा महोत्सव का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। शाम 6:30 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे, जबकि महोत्सव की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे। इस राज्य स्तरीय आयोजन में प्रदेशभर से लगभग 3000 युवा प्रतिभागी हिस्सा लेकर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक, साहित्यिक और रचनात्मक विरासत का प्रदर्शन करेंगे।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित यह महोत्सव राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2026 के संदर्भ में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व के लिए तैयार करना है। महोत्सव में कुल 14 विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें आठ दलिय और छह एकल विधाएं शामिल हैं। दलिय विधाओं में लोकनृत्य, पंथी नृत्य, राउत नाचा, सुआ नृत्य, करमा नृत्य, लोकगीत, रॉक बैंड और एकांकी शामिल हैं। वहीं एकल विधाओं में वाद-विवाद, कहानी लेखन, चित्रकला, कविता लेखन, नवाचार (साइंस मेला) और पारंपरिक वेशभूषा की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। दलिय प्रतियोगिताओं में प्रथम पुरस्कार 20 हजार रुपये, द्वितीय 15 हजार रुपये और तृतीय 10 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। एकल प्रतियोगिताओं में प्रथम 5 हजार, द्वितीय 3 हजार और तृतीय 2 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, महोत्सव में भाग लेने वाले हर प्रतिभागी को 1 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। लोकनृत्य, लोकगीत, वाद-विवाद, चित्रकला और कविता लेखन की पांच विधाओं के विजेता प्रतिभागी नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय युवा उत्सव-2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उद्घाटन समारोह में विशेष आकर्षण के रूप में ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ की लॉन्चिंग भी की जाएगी, जिसका आयोजन छत्तीसगढ़ की मेजबानी में पहली बार होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं 25 दिसंबर को होने वाले समापन समारोह में राज्यपाल रमन डेका मुख्य अतिथि होंगे।
महोत्सव के दौरान प्रतियोगिताओं के साथ-साथ मनोरंजक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उद्घाटन दिवस पर बहतराई स्टेडियम में शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक आस्था बैंड (अनुज शर्मा) की प्रस्तुति दी जाएगी, वहीं नारायणपुर के कलाकारों द्वारा मल्लखंभ का शानदार प्रदर्शन भी होगा। 23 दिसंबर को बिलासपुर पुलिस ग्राउंड में रात 8:30 बजे से कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास सहित अन्य कवि अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। महोत्सव के दूसरे दिन 24 दिसंबर को शाम 6 बजे से काफिला बैंड और स्वप्निल लाइव बैंड प्रस्तुति देंगे, जबकि 25 दिसंबर को समापन अवसर पर आस्था साहू और दार्या (बस्तर) बैंड की प्रस्तुति होगी।
