दुर्ग जिले में लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया माल भी बरामद किया है। दोनों मामलों में लाखों रुपये की संपत्ति चोरी की गई थी, जिसे पुलिस ने जांच के दौरान जब्त किया है।
पहला मामला थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र का है। यहां 5 जुलाई 2025 को ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज स्थित एक मोबाइल दुकान में चोरों ने रात के समय शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने दुकान से कीमती मोबाइल फोन, ईयर बड्स, पुराने इस्तेमाल किए गए मोबाइल और दराज में रखी नगद राशि चोरी कर ली थी। कुल चोरी की रकम करीब 40 हजार रुपये आंकी गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि खुर्सीपार निवासी एक युवक चोरी के मोबाइल बेचने की फिराक में है। घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से 6 कीमती मोबाइल फोन और 2 ईयर बड्स बरामद किए गए। चोरी की नगदी खर्च हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों को 29 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
दूसरा मामला थाना जामुल क्षेत्र का है। शंकर नगर छावनी में स्थित एक सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। मकान मालिक पुरेंद्र कुमार साहू अपनी पत्नी के इलाज के लिए रायपुर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, चांदी के सिक्के और नगदी चोरी कर ली। लौटने पर चोरी की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर खुर्सीपार निवासी कुलदीप सिंह उर्फ बी. कुलदीप और एस. विनय उर्फ बुल्लू को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार की। आरोपियों के कब्जे से सोने की अंगूठी, टॉप्स, 9 चांदी के सिक्के, चांदी की बिछिया सहित कुल 1 लाख 83 हजार 500 रुपये की संपत्ति बरामद की गई। दोनों आरोपियों को भी 29 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं को लेकर भी पूछताछ की जा रही है। संभावना है कि आने वाले दिनों में और मामलों का खुलासा हो सकता है। पुलिस ने बताया कि जिले में चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए लगातार पेट्रोलिंग और सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
