April 17, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

नए साल की पार्टियों में सप्लाई से पहले पुलिस का वार, पति-पत्नी के घर से 16 ग्राम हेरोइन जब्त

रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी को हेरोइन (चिट्टा) के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 16.01 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ जब्त किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3.45 लाख रुपये आंकी गई है। साथ ही दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस को 27 दिसंबर 2025 को सूचना मिली थी कि कबीर नगर स्थित LIG-2/20 मकान में एक महिला द्वारा हेरोइन बिक्री के लिए रखी गई है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम दौलत राम पोर्ते और नगर पुलिस अधीक्षक आजाद चौक ईशु अग्रवाल (IPS) के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। इसके बाद टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।

तलाशी के दौरान घर के पलंग के दराज में रखी प्लास्टिक जिपर थैली से 16.01 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पूछताछ में महिला आरोपी ने खुलासा किया कि यह मादक पदार्थ उसका पति पंजाब से लाकर रायपुर में बेचने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान आरोपी पति भी मौके पर पहुंच गया, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस जांच में दोनों आरोपियों के पास से ड्रग्स रखने और बेचने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद पति-पत्नी को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि हेरोइन नए साल के मौके पर होने वाली पार्टियों में सप्लाई की जानी थी। हालांकि डील पूरी होने से पहले ही पुलिस ने कार्रवाई कर दोनों को पकड़ लिया।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का संपर्क किन-किन लोगों से था, रायपुर में ड्रग्स किन पार्टियों या इलाकों तक पहुंचनी थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लिंक सामने आने पर आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

Related posts

छत्तीसगढ़ में नए कोरोना वैरिएंट JN.1 से पहली मौत: फेफड़ों की बीमारियों ने बढ़ाई जटिलताएं, रोज 5 नए केस, 118 एक्टिव मरीज

admin

7 साल से लंबित डीए पर हाईकोर्ट सख्त, राज्य सरकार से 4 हफ्ते में मांगा जवाब

admin

रायपुर की जेसी रिक्लेमेशन फैक्ट्री में लगी आग से मचा हड़कंप, टायरों के जलने से उठा 3 किमी तक धुआं

admin

Leave a Comment