September 4, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

सूने मकान को बनाया निशाना: खिड़की की ग्रिल तोड़कर घुसे चोर, तिजोरी नहीं खुली तो झाड़ियों में फेंककर फरार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर की फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने पीछे की खिड़की की ग्रिल तोड़कर घर में प्रवेश किया और तिजोरी समेत कीमती सामान चोरी कर लिया। हालांकि तिजोरी का लॉक नहीं खुल पाने के कारण चोर उसे घर से बाहर ले जाकर झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मकान नंबर-19 में रहने वाले आलोक अग्रवाल अपने पूरे परिवार के साथ शनिवार को घर में ताला लगाकर निजी काम से रायपुर गए हुए थे। उन्होंने सोमवार को वापस लौटने से पहले घर की सफाई के लिए कामवाली बाई को भेजा था। दोपहर में जब वह सफाई के लिए पहुंची और बाहर का ताला खोलने का प्रयास किया, तो अंदर से दरवाजा बंद होने के कारण नहीं खुला। इस पर उसने तुरंत मकान मालिक को सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद आलोक अग्रवाल ने अपने एक रिश्तेदार को मौके पर भेजा। जब रिश्तेदार घर के पीछे पहुंचे तो उन्होंने देखा कि खिड़की की ग्रिल टूटी हुई थी। खिड़की से अंदर जाकर देखने पर घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और तिजोरी गायब थी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर झाड़ियों में फेंकी गई तिजोरी बरामद की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर तिजोरी का लॉक नहीं तोड़ सके, इसलिए उसे वहीं छोड़कर भाग निकले। बताया जा रहा है कि तिजोरी में करीब ढाई लाख रुपये नकद और लगभग 50 तोला सोना-चांदी के जेवरात रखे हुए थे, हालांकि सही नुकसान का आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और क्षेत्र में संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।

Related posts

रायपुर के सिलतरा में गोदावरी इस्पात फैक्ट्री में विस्फोट: 6 मजदूरों की मौत, कई घायल; सीएम ने दिए जांच और राहत के निर्देश

admin

बस्तर में आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए नई पहल, अब बसाएंगे परिवार

admin

रायपुर टिंबर मार्केट में भीषण आग, लाखों का नुकसान

admin

Leave a Comment