36.6 C
Raipur
June 4, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

न्यू ईयर पर सख्त पहरा: नियम तोड़े तो क्लब-संचालकों पर गिरेगी गाज, नशे में मिले युवाओं के परिजनों को किया जाएगा सूचित

रायपुर नए साल के जश्न को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए राजधानी रायपुर पुलिस ने इस बार कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था, अवैध गतिविधि या नियम उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खास तौर पर होटल, क्लब, पब और अन्य आयोजनों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।

पुलिस गाइडलाइन के अनुसार, बिना लाइसेंस शराब बेचने या परोसने पर सीधे कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं, यदि रात 10 बजे के बाद तेज आवाज में म्यूजिक बजाया गया या सार्वजनिक शांति भंग हुई, तो आयोजन स्थल के संचालक के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। ऐसे मामलों में लाइसेंस निरस्त करने तक की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

नए साल की रात शहर के 26 से अधिक संवेदनशील स्थानों पर करीब 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की मदद से भी निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम के दौरान यदि कोई नाबालिग युवक या युवती नशे की हालत में या नियम तोड़ते हुए पाया जाता है, तो उनके परिजनों को तत्काल फोन कर सूचना दी जाएगी।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि आयोजन में बुलाए गए हर व्यक्ति की जिम्मेदारी संबंधित इवेंट संचालक की होगी। यदि कोई ग्राहक शराब पीकर हंगामा करता है या असामाजिक व्यवहार करता है, तो उसकी जवाबदेही भी संचालक पर तय की जाएगी। जरूरत पड़ने पर नशे की हालत में पाए गए व्यक्ति को सुरक्षित रूप से घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी आयोजकों को निभानी होगी।

इसके अलावा, सार्वजनिक स्थानों या वाहनों में शराब सेवन करने पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी चेताया है कि कार्यक्रम के दौरान यदि हुड़दंग या सूखे नशे (ड्रग्स आदि) का इस्तेमाल पाया गया, तो संबंधित संस्थान का लाइसेंस तत्काल निरस्त किया जा सकता है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि इन सख्त नियमों का मकसद लोगों का जश्न खराब करना नहीं, बल्कि नए साल का स्वागत सुरक्षित, अनुशासित और कानून के दायरे में रहकर सुनिश्चित करना है। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और नए साल की शुरुआत जिम्मेदारी के साथ करें।

Related posts

GST विभाग में बड़ा बदलाव: शारदा मिश्रा बनीं डिप्टी कमिश्नर

admin

छत्तीसगढ़ में ठंड ने पकड़ी रफ्तार, मौसम विभाग ने दी चेतावनी — चार दिन तक बढ़ेगी सर्दी, तापमान में आएगी तेज गिरावट

admin

रायपुर निगम सामान्य सभा में हंगामा: नेता प्रतिपक्ष बदलने पर गरमाई राजनीति, 6 घंटे चली बैठक, 14 एजेंडों पर बहुमत से चर्चा पास

admin

Leave a Comment