September 6, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, दो की मौत; तीन गंभीर घायल, शव दो घंटे तक वाहन में फंसा रहा

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा जाने से दर्दनाक हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आगे की सीट पर बैठे एक व्यक्ति का शव वाहन के अंदर फंस गया, जिसे बाहर निकालने में करीब दो घंटे का समय लगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायपुर निवासी रामकुमार धीवर (45), राजकुमार साहू सहित अन्य साथी पूर्णिमा स्नान के लिए रायपुर से अमरकंटक जा रहे थे।  सुबह करीब 9 बजे उनकी कार बेलगहना चौकी क्षेत्र के ग्राम भसको के पास पहुंची थी। इसी दौरान जंगल क्षेत्र में तेज रफ्तार कार चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन सड़क से उतरकर सीधे पेड़ से जा टकराया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में रामकुमार धीवर और राजकुमार साहू को गंभीर चोटें आईं और दोनों की मौत हो गई। वहीं, निलेश्वर धीवर, सुखसागर मानिकपुरी और अमित चंद्रवंशी गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए रतनपुर स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे शव को बाहर निकाला।

हादसे की सूचना मिलने पर मृतकों और घायलों के परिजन दोपहर में रायपुर से रतनपुर पहुंचे। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया और फिर परिजन शवों को रायपुर लेकर रवाना हुए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Related posts

NH-30 होगा फोरलेन, कवर्धा बायपास को मिली हरी झंडी: धवईपानी से सिमगा तक सड़क उन्नयन को केंद्र की सहमति

admin

शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव बोले— VSK ऐप में तकनीकी खामियां मिलीं तो होगा तत्काल सुधार!

admin

“सीएम सड़कों पर उतरे, कारोबारियों से संवाद और जनता को दिलाया GST 2.0 का भरोसा”

admin

Leave a Comment