September 6, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

उधारी के पैसों को लेकर रिश्तों में खून-खराबा, युवक ने बहन-जीजा को बेरहमी से पीटा

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां उधार की रकम वापस न मिलने के विवाद में एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपनी ही बहन और जीजा की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस मारपीट में दोनों के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला मेहतरीन बाई यादव ने पुलिस को बताया कि उसके पति महावीर यादव ने कुछ समय पहले घरेलू जरूरतों के लिए उसके भाई दिनेश यादव से 10 हजार रुपये उधार लिए थे। इसके बाद महावीर यादव मजदूरी के लिए टेंडा नवापारा चला गया था। शनिवार रात करीब आठ बजे दिनेश यादव अपने साथियों मान सिंह चौहान और होरी सिंह चौहान के साथ उधार की रकम वापस मांगने पीड़ित के घर पहुंचा।

इस दौरान मेहतरीन बाई ने बताया कि उसके पति काम पर गए हैं और लौटने के बाद पैसे चुका देंगे। इसी बात को लेकर दिनेश यादव और उसके साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। जब पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ा तो पत्नी मेहतरीन बाई बीच-बचाव के लिए पहुंची, लेकिन आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया।

मारपीट में पति-पत्नी दोनों को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद आसपास के लोगों की मदद से उन्हें बचाया गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने घरघोड़ा थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि मामूली आर्थिक विवाद किस तरह पारिवारिक रिश्तों को हिंसा की आग में झोंक देता है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

BJP विधायक सुनील सोनी को फर्जी ‘डिजिटल अरेस्ट’ कॉल से धमकाया

admin

स्कूल जाने निकली छात्रा को शिक्षक क्यों ले गया अपने घर? FIR के बाद मचा हड़कंप

admin

रायपुर में चाकू की नोंक पर डिलीवरी बॉय से लूट, ऑर्डर कैंसिल का बहाना बनाकर मोबाइल और नकदी छीनी

admin

Leave a Comment