रायपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा आरंग पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित कफ सिरप, गांजा और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 6 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस को 3 जनवरी को गुप्त सूचना मिली थी कि महासमुंद की ओर से एक पिकअप वाहन में कुछ व्यक्ति प्रतिबंधित सिरप और मादक पदार्थ लेकर रायपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरंग क्षेत्र के लखोली स्थित पुराने टोल प्लाजा के पास नाकेबंदी की गई। संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें चार युवक सवार मिले।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपनी पहचान दिलेश्वर मेहर (ओडिशा निवासी), लवकुश सिन्हा, निखिल सिन्हा और योगेश ध्रुव (रायपुर निवासी) के रूप में बताई। वाहन की तलाशी में पुलिस ने 75 शीशी प्रतिबंधित कफ सिरप (कोडीन फॉस्फेट), 1 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा पिकअप वाहन (क्रमांक CG 04 ND 6040) बरामद किया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आरंग थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी नशे के अवैध कारोबार से जुड़े हुए थे और सिरप व गांजा को खपाने की फिराक में थे।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी। यह कार्रवाई न केवल नशे के नेटवर्क पर करारा प्रहार है, बल्कि युवाओं को नशे से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी मानी जा रही है।
