नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर गुरुवार को एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। एअर इंडिया के एक विमान को पार्किंग स्टैंड पर ले जाते समय घने कोहरे के कारण सामने खड़े बैगेज कंटेनर से टकराव हो गया। इस दुर्घटना में विमान के इंजन को नुकसान पहुंचा है, हालांकि राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उड़ान पूरी होने के बाद विमान को रनवे से पार्किंग एरिया की ओर टैक्सी किया जा रहा था। इसी दौरान दृश्यता बेहद कम होने के कारण ग्राउंड हैंडलिंग क्षेत्र में रखा बैगेज कंटेनर इंजन की चपेट में आ गया। टक्कर के तुरंत बाद विमान को वहीं रोक दिया गया और तकनीकी टीम को बुलाया गया।
एयरलाइन अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा मानकों के तहत विमान को फिलहाल ग्राउंड कर दिया गया है और इंजन की विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है। घटना की सूचना नागरिक उड्डयन से जुड़े अधिकारियों को भी दे दी गई है। प्रारंभिक तौर पर इसे कोहरे और ग्राउंड मूवमेंट के दौरान हुई चूक माना जा रहा है
