April 17, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

CSPDCL की नई डिजिटल पहल: उपभोक्ताओं को अब व्हाट्सऐप पर मिलेगा बिजली बिल, एक क्लिक में भुगतान की सुविधा

छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने नई डिजिटल सेवा शुरू की है, जिसके तहत अब उपभोक्ताओं को उनका मासिक बिजली बिल सीधे व्हाट्सऐप पर भेजा जाएगा। कंपनी का कहना है कि जैसे ही मीटर रीडिंग दर्ज होगी, उपभोक्ता को तुरंत पूरा डिटेल बिल पीडीएफ फॉर्मेट में व्हाट्सऐप पर मिल जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को बिल मिलने में देरी नहीं होगी और वे समय पर भुगतान कर सकेंगे।

यह सुविधा हिंदी, अंग्रेज़ी और छत्तीसगढ़ी भाषा में उपलब्ध रहेगी। उपभोक्ता ‘मोर बिजली’ मोबाइल ऐप में अपनी भाषा की प्राथमिकता चुन सकते हैं, जिससे बिल उसी भाषा में प्राप्त होगा। व्हाट्सऐप पर मिले बिल को उपभोक्ता अपने मोबाइल में डाउनलोड कर सुरक्षित रख सकते हैं और जरूरत पड़ने पर उसका प्रिंट भी निकाल सकते हैं।

कंपनी ने बिल संदेश में ही ऑनलाइन भुगतान का विकल्प भी जोड़ा है। यानी उपभोक्ता एक क्लिक में सीधे डिजिटल पेमेंट कर सकेंगे। इससे बिल जमा करने की प्रक्रिया तेज और आसान होगी, साथ ही बिल भुगतान केंद्रों पर भीड़ कम होने की उम्मीद है।

CSPDCL के अनुसार, प्रदेश में करीब 65 लाख बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें लगभग 40 लाख मोबाइल नंबर कंपनी के पास रजिस्टर्ड हैं। इनमें से करीब 30 लाख उपभोक्ता व्हाट्सऐप का उपयोग करते हैं। कंपनी चरणबद्ध तरीके से इन उपभोक्ताओं तक व्हाट्सऐप के माध्यम से बिल भेजेगी।

फ्रॉड से बचाव के लिए कंपनी ने स्पष्ट किया है कि बिजली बिल केवल उसकी ऑफिशियल वेरिफाइड ब्लू टिक व्हाट्सऐप आईडी से ही भेजे जाएंगे। साथ ही आधिकारिक मोबाइल नंबर भी दर्ज रहेगा, ताकि उपभोक्ता फर्जी संदेशों से सतर्क रह सकें।

जिन उपभोक्ताओं का व्हाट्सऐप नंबर रजिस्टर्ड नहीं है, वे टोल फ्री नंबर 1912 पर कॉल कर या ‘मोर बिजली’ ऐप के जरिए अपना नंबर दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए उपभोक्ता को 10 अंकों का बीपी नंबर और अंतिम बिल भुगतान की जानकारी देनी होगी। कंपनी प्रबंधन ने उपभोक्ताओं से इस डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है।

Related posts

सिमगा में पालक-बालक-शिक्षक सम्मेलन संपन्न: छात्रों को करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी, सैकड़ों ग्रामीण हुए शामिल

admin

छत्तीसगढ़ की राजधानी में सनसनी: फ्लैट से कूदी युवती, मौत से पहले रिकॉर्ड किया वीडियो; लव अफेयर बना वजह?

admin

“सदन में गूंजा डॉक्टरों की कमी का मुद्दा: ‘PG पर गए डॉक्टर, मरीजों का क्या?’”

admin

Leave a Comment