September 6, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

CSMCL ओवरटाइम भुगतान घोटाला: 100 करोड़ से ज्यादा के संदिग्ध लेन-देन में अनवर ढेबर गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CSMCL) में कथित ओवरटाइम भुगतान घोटाले को लेकर राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण एवं एंटी करप्शन ब्यूरो (EOW/ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अनवर ढेबर को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई अपराध क्रमांक 44/2024 के तहत की गई है, जिसमें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धाराएं 7 और 8 तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी के अंतर्गत मामला दर्ज है।

इस पूरे प्रकरण की शुरुआत उस समय हुई जब 29 नवंबर 2023 को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर द्वारा तीन व्यक्तियों से 28.80 लाख रुपये नकद जब्त किए गए। ED ने इस मामले की जानकारी राज्य शासन को भेजी, जिसके आधार पर EOW/ACB ने प्राथमिकी दर्ज कर विस्तृत जांच प्रारंभ की। जांच के दौरान कई दस्तावेजों और भुगतान प्रक्रियाओं की बारीकी से पड़ताल की गई।

विवेचना में सामने आया कि CSMCL में मैनपावर/प्लेसमेंट एजेंसियों के माध्यम से ओवरटाइम या अतिरिक्त भत्ते के नाम पर बड़े पैमाने पर भुगतान किए गए। नियमानुसार यह राशि शराब दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों को अतिरिक्त कार्य के एवज में मिलनी थी। प्रक्रिया के तहत एजेंसियां बिल प्रस्तुत करती थीं और भुगतान एजेंसियों को किया जाता था, ताकि वे संबंधित कर्मचारियों को राशि वितरित करें।

हालांकि जांच एजेंसी का आरोप है कि व्यवहार में इन भुगतानों का लाभ कर्मचारियों तक नहीं पहुंचा। वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच ओवरटाइम और अतिरिक्त भत्ते के नाम पर लगभग 100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया गया। आरोप है कि इस राशि का एक बड़ा हिस्सा कथित रूप से एजेंसियों के माध्यम से अवैध कमीशन के रूप में निकाला गया और वितरित किया गया।

मामले में गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसियां वित्तीय लेन-देन, संबंधित अधिकारियों की भूमिका और एजेंसियों के खातों की गहन जांच कर रही हैं। यह कार्रवाई प्रदेश में वित्तीय अनियमितताओं के विरुद्ध सख्त रुख का संकेत मानी जा रही है। आने वाले दिनों में इस प्रकरण में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Related posts

4 दिन तक नहीं थमेगी बारिश! छत्तीसगढ़ के इन इलाकों में भारी बरसात और बिजली गिरने का अलर्ट

admin

DGP-IG Conference में चमका गाज़ीपुर थाना: देश का नंबर-1 Police Station घोषित

admin

आज से बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी?

admin

Leave a Comment