राजधानी रायपुर में ब्लैकमेलिंग और धमकी का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक युवक ने युवती के कथित अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसकी मां से 5 लाख रुपये की मांग की। इतना ही नहीं, पैसे नहीं देने पर महिला के पति की हत्या करने और बेटी का अपहरण करने की धमकी भी दी गई, जिससे पूरा परिवार दहशत में आ गया।
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि टेगोर नगर इलाके के एक निजी अपार्टमेंट में रहने वाली महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में महिला ने बताया कि 5 मार्च की रात करीब 10 बजे वह पुजारी पार्क के पीछे अपने पालतू कुत्ते को घुमाने गई थी। इसी दौरान बैजनाथपारा निवासी हार्दिक जैन नाम का युवक वहां पहुंचा और महिला को रोककर धमकाने लगा।
महिला के अनुसार आरोपी ने दावा किया कि उसके पास महिला की बेटी के अश्लील फोटो और वीडियो हैं। आरोपी ने इन फोटो-वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए 5 लाख रुपये की मांग की। अचानक मिली इस धमकी से महिला घबरा गई। जब महिला ने उससे सवाल किया तो वहां मौजूद लोग भी इकट्ठा होने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पीड़ित महिला ने बताया कि घटना के अगले दिन 6 मार्च को आरोपी ने दोबारा मोबाइल फोन पर कॉल कर फिर से धमकी दी। इस बार आरोपी ने पैसे नहीं देने पर महिला के पति को चाकू मारकर हत्या करने और बेटी को उठाकर ले जाने तक की धमकी दे डाली। लगातार मिल रही धमकियों से महिला और उसका परिवार बेहद भयभीत हो गया।
इसके बाद महिला ने पूरे मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
