सूरजपुर जिले में सरकारी स्कूल के मिड-डे मील योजना से जुड़े चावल की कथित चोरी का मामला सामने आया है। यहां एक माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक पर आरोप लगा है कि वे स्कूल के मिड-डे मील का चावल कार में भरकर ले जा रहे थे। इस घटना के सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने पुलिस तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार पूरा मामला सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड के ग्राम रामपुर स्थित माध्यमिक शाला का है। बताया जा रहा है कि 3 मार्च की शाम करीब 6:15 बजे स्कूल परिसर से मिड-डे मील के चावल की लगभग दो बोरी कार में लोड कर ले जाई जा रही थी। इसकी जानकारी मिलने पर गांव के कुछ लोगों और सरपंच प्रतिनिधि ने वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन वाहन नहीं रुका। इसके बाद ग्रामीणों ने पीछा कर वाहन को गांव में ही रोक लिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि जब वाहन की डिक्की खुलवाकर देखी गई तो उसमें चावल की दो बोरी मिली। मौके पर मौजूद लोगों ने इस संबंध में पूछताछ की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मामले की सूचना ओड़गी थाना पुलिस और विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को दे दी गई।
ग्रामीणों का यह भी दावा है कि उचित मूल्य दुकान के विक्रेता से पूछताछ करने पर पता चला कि उसी दिन स्कूल के लिए चार बोरी चावल उठाया गया था। ऐसे में दो बोरी चावल कार में मिलने से ग्रामीणों ने इसे मिड-डे मील के चावल की चोरी का मामला बताया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इधर विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। प्रारंभिक तौर पर यह मामला चोरी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों के अनुसार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
