छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं हिंदी परीक्षा पेपर लीक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रायपुर क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मुख्य आरोपी वेणु उर्फ वेणु जंघेल को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर छात्रों से पैसे लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने और डिजिटल सबूत मिटाने का आरोप है।
पुलिस जांच में सामने आया कि पेपर सोशल मीडिया और टेलीग्राम के जरिए वायरल किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से डिलीट डेटा रिकवर किया गया। पुलिस ने कई छात्रों और संदिग्ध लोगों से पूछताछ के बाद आरोपी तक पहुंच बनाई। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
