छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र में कांग्रेस 14 जुलाई को राज्य सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करेगी। इस फैसले पर रविवार को हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सहमति बनी। बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि कांग्रेस को वर्तमान सरकार पर भरोसा नहीं है, इसलिए सदन में अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा।
बैठक करीब दो घंटे तक चली, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने विधानसभा की रणनीति पर चर्चा की। इसके अलावा नकटी मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव लाने का भी निर्णय लिया गया। कांग्रेस ने मानसून सत्र में सरकार को विभिन्न जनहित के मुद्दों पर घेरने की तैयारी की है।
