रायपुर में विधानसभा की कार्यवाही के दौरान अंत्योदय राशन कार्ड और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) का मुद्दा उठा। विधायक शेषराज हरवंश ने अतिरिक्त अंत्योदय राशन कार्डों के कारण राज्य सरकार पर 1300 करोड़ रुपये से अधिक के वित्तीय भार का सवाल उठाया। इस पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने बताया कि राज्य में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के तहत लाखों राशन कार्ड संचालित हैं तथा पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मानकों के अनुसार चावल उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय कार्डधारियों, निराश्रितों और बीपीएल परिवारों को केंद्र और राज्य दोनों योजनाओं का लाभ मिल रहा है, जिससे खाद्यान्न सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
