छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने जियो मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि जियो कंपनी का एक कर्मचारी ही टावरों की जानकारी देकर गिरोह की चोरी में मदद कर रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 49 जियो टावर बैटरियां, 311 बैटरी बॉक्स, बैटरियों से निकाला गया भारी मात्रा में धातु, चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार और 41 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इससे पहले भी पुलिस इसी गिरोह से 72 बैटरियां बरामद कर चुकी थी। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
