पत्र सूचना कार्यालय (PIB) रायपुर की ओर से आयोजित पांच दिवसीय मीडिया अध्ययन दौरे के तहत छत्तीसगढ़ के 12 पत्रकार और दो अधिकारी गुजरात रवाना हुए हैं। यह दौरा 20 से 24 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान मीडिया प्रतिनिधि अहमदाबाद स्थित PIB कार्यालय, बुलेट ट्रेन परियोजना, साबरमती मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब, कोचरब आश्रम, लोथल, माइक्रोन सेमीकंडक्टर प्लांट, अमूल डेयरी, IOCL रिफाइनरी, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, सरदार सरोवर बांध, राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय और गिफ्ट सिटी का भ्रमण करेंगे। इस अध्ययन यात्रा का उद्देश्य पत्रकारों को देश की प्रमुख विकास परियोजनाओं, आधुनिक तकनीक और औद्योगिक प्रगति से अवगत कराना है, ताकि वे जनहित से जुड़े विषयों पर अधिक तथ्यपूर्ण और संतुलित रिपोर्टिंग कर सकें।
