छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश का दौर जारी है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले चार दिनों तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। कोरबा के मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन ने एहतियातन पांच गेट खोलकर पानी छोड़ा है और नदी किनारे बसे गांवों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इधर महासमुंद जिले के मुदमार बांध में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी, नालों और बांधों के आसपास सावधानी बरतने की अपील की है।
