नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कुछ युवाओं द्वारा खतरनाक स्टंट किए जाने की शिकायत मिलने पर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन दर्जन से अधिक दोपहिया वाहन जब्त किए गए और 59 वाहनों का ई-चालान काटा गया।
पुलिस को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि छुट्टियों और विशेष अवसरों पर बड़ी संख्या में युवक यहां एकत्र होकर बाइक से स्टंट करते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इसी को देखते हुए पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए जांच अभियान चलाया। साथ ही नाबालिग वाहन चालकों के परिजनों को थाने बुलाकर यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी गई।
