दुर्ग-भिलाई। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया 29 नवंबर को भिलाई पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत में अयोध्या में राम मंदिर पर भगवा झंडा फहराने के बाद अब देशभर के हर हिंदू घर पर भगवा फहराने को संगठन का अगला लक्ष्य बताया। उन्होंने कहा कि यह अभियान सामाजिक, धार्मिक और जन सरोकार से जुड़े मुद्दों को लेकर चलाया जाएगा।
तोगड़िया ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के बाद अब हर हिंदू परिवार को बेहतर आवास, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, परिवार को स्वास्थ्य सुविधाएं और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि संगठन इन प्राथमिक मुद्दों पर व्यापक स्तर पर काम करेगा।
धर्मांतरण पर जताई चिंता
तोगड़िया ने धर्मांतरण के मुद्दे पर कहा कि इसके पीछे गरीबी और धार्मिक जागरूकता की कमी प्रमुख कारण हैं। उन्होंने बताया कि संगठन गरीब परिवारों को अनाज उपलब्ध कराने और धार्मिक जागरूकता बढ़ाने का अभियान चलाएगा, जिससे धर्मांतरण को रोकने में मदद मिल सके।
आतंकी घटनाओं और गौ-हत्या पर टिप्पणी
देश में हाल के आतंकी हमलों पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि यदि छोटी बस्तियों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी हमले हो रहे हैं तो यह संकेत है कि कट्टरपंथी तत्व सक्रिय हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस पर बेहतर रणनीति तैयार करेंगे।
गौ-हत्या रोकने को लेकर उन्होंने कहा कि कड़े कानून लागू होने पर यह पूरी तरह रोक सकती है।
सामूहिक हनुमान चालीसा अभियान की घोषणा
तोगड़िया ने कहा कि संगठन पूरे देश में हर गांव और गली में शनिवार या मंगलवार को सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आयोजित करेगा।
उन्होंने पहला लक्ष्य एक लाख गांवों में सामूहिक पाठ और तीन करोड़ घरों में ‘ओम श्री परिवार’ अभियान चलाने का बताया।
मतदाता सूची में बांग्लादेशियों को शामिल न करने की मांग
मतदाता सूची पर बयान देते हुए उन्होंने कहा कि भारत की मतदान सूची में किसी भी बांग्लादेशी का नाम नहीं होना चाहिए, लेकिन कोई भी वैध भारतीय नागरिक मतदान अधिकार से वंचित नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए दोनों परिस्थितियाँ महत्वपूर्ण हैं।
किसानों की समस्याओं पर बनेगा राष्ट्रीय किसान परिषद
किसानों की फसल के उचित दाम को प्राथमिकता बताते हुए तोगड़िया ने कहा कि इसके लिए संगठन मैदान में उतरेगा। उन्होंने नारा दिया – “फसल हमारी, दाम हमारा, यही चलेगा।”
उन्होंने बताया कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए तहसील स्तर तक राष्ट्रीय किसान परिषद का गठन किया जाएगा, जिसकी तैयारी चल रही है।
