छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में 11 सितंबर 2025 को एक सनसनीखेज मामला सामने आया जिसने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया। खरिस्या थाना क्षेत्र के ग्राम हुसेकेला के राजीव नगर मोहल्ले में रहने वाले बुधराम उरांव के पूरे परिवार की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना ने न केवल पुलिस प्रशासन बल्कि स्थानीय लोगों को भी दहशत में डाल दिया है।
बताया जा रहा है कि बुधराम उरांव का मकान पिछले तीन दिनों से बंद था। घर से तेज बदबू आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब घर को खोला, तो अंदर का नजारा बेहद भयावह था। जगह-जगह खून के धब्बे पड़े थे। घर में बने कबर जैसे गड्ढे से पुलिस को पति, पत्नी और दो बच्चों के शव बरामद हुए। शवों की पहचान बुधराम उरांव, उनकी पत्नी सोहद्रा, बेटे अरविंद और बेटी शिवांगी के रूप में हुई।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि परिवार के चारों सदस्यों की हत्या कुल्हाड़ी और रॉड जैसे हथियारों से की गई होगी। हत्या के बाद सभी शवों को एक ही गड्ढे में दफना दिया गया। इस घटना से आसपास के लोग दहशत और आक्रोश में हैं।
फॉरेंसिक और डॉग स्क्वाड टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों का पता लगाने और घटना के पीछे की सच्चाई उजागर करने के लिए हर पहलू पर गहन जांच की जा रही है। फिलहाल यह रहस्य बना हुआ है कि आखिर परिवार की इतनी निर्मम हत्या क्यों और किसने की।
