बिलासपुर में नए साल के जश्न के दौरान नशे के अवैध कारोबार को लेकर हुआ विवाद खूनी हिंसा में बदल गया। तोरवा थाना क्षेत्र के कुंदरू मंदिर गली के पास न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान दो भाइयों ने मिलकर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक अजीत विश्वास अपने दोस्तों के साथ 31 दिसंबर की रात नए साल की पार्टी मना रहा था। इसी दौरान मोहल्ले में गांजा और अन्य नशीले पदार्थ बेचने वाले दो भाई वहां पहुंचे। अजीत ने पुलिस की सख्ती और न्यू ईयर की रात अलर्ट का हवाला देते हुए उन्हें मोहल्ले में नशा बेचने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों और अजीत के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने अजीत को घेर लिया। गुस्से में आकर एक भाई ने चाकू निकालकर उसके गले पर वार किया, जबकि दूसरे भाई ने उसकी पीठ पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से अजीत लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद दोस्तों और मोहल्ले के लोगों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद आरोपी दोनों भाई मौके से फरार हो गए। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि यह हमला अवैध नशा बिक्री को लेकर हुए विवाद का नतीजा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
